उत्तराखंड

बुश कटर से गांवों की झाड़ियों का होगा सफाया, ग्रामीणों को मिली राहत

आपदा मद से ग्राम पंचायतों को मिली मशीनें, संपर्क मार्गों की भी हो रही नियमित सफाई

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर आपदा मद से प्रथम चरण में विभिन्न ग्राम पंचायतों को बुश कटर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। मशीनें मिलने के बाद ग्रामीण गांवों के आसपास उगी झाड़ियों के साथ ही संपर्क मार्गों के किनारे की झाड़ियों की भी आसानी से कटाई कर रहे हैं। इससे गांवों में साफ-सफाई के साथ आवागमन भी सुगम हो रहा है।

बरसात के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियां तेजी से बढ़ने के कारण गांवों, पैदल रास्तों और संपर्क मार्गों पर आवागमन प्रभावित होता है। झाड़ियों की कटाई में अधिक समय और श्रम लगने के चलते कई बार नियमित सफाई नहीं हो पाती थी। इस समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन की पहल पर आपदा मद से ग्राम पंचायतों को बुश कटर मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीण स्तर पर झाड़ियों की नियमित कटाई, संपर्क मार्गों की सफाई और आवागमन सुगम बनाने के कार्य में तेजी आई है।

ग्राम सभा बिचली ढांडरी में ग्रामीणों ने की झाड़ियों की कटाई

ग्राम सभा बिचली ढांडरी में ग्रामीणों ने बुश कटर मशीन के माध्यम से गांव के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई की। इसके साथ ही गांव से जुड़े संपर्क मार्गों के दोनों ओर उगी झाड़ियों को भी साफ किया गया। इससे मार्गों पर आवागमन पहले की अपेक्षा सुगम हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों की नियमित कटाई से रास्ते साफ रहने के साथ ही झाड़ियों में जंगली जानवरों के छिपने की संभावना भी कम होगी।

ग्राम प्रधान बिचली ढांडरी अर्चना रौथाण ने बताया कि बुश कटर मशीन से झाड़ी कटान का कार्य पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गया है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि गांव के आसपास के क्षेत्रों के साथ ही संपर्क मार्गों के किनारे भी नियमित रूप से झाड़ियों की कटाई कराई जा रही है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

ग्रामीण दिनेश खत्री ने बुश कटर मशीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मशीन से ग्रामीणों को काफी लाभ मिल रहा है। गांव के आसपास उगी झाड़ियों की समय-समय पर कटाई होने से गांव स्वच्छ रहने के साथ ही झाड़ियों में जंगली जानवरों के छिपे होने का खतरा भी कम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *