स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर क्रॉस कंट्री दौड़ में 123 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, छह वर्गों में हुई प्रतियोगिता
पौड़ी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से शुक्रवार को कंडोलिया से टेका मार्ग पर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग के बालक-बालिका वर्ग में कुल 123 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के लिए 2 किलोमीटर, अंडर-17 के लिए 3 किलोमीटर और ओपन वर्ग के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाकर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में अर्णव सिंह नेगी प्रथम, प्रियांशु गुसाईं द्वितीय और दक्ष बिष्ट तृतीय रहे। बालिका वर्ग में विधि रावत ने पहला, सुहाना रावत ने दूसरा और अनोखी बिष्ट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में अर्जुन सिंह प्रथम, अर्जुन चौहान द्वितीय और अमन बिष्ट तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सिमरन बिष्ट प्रथम, खुशबू द्वितीय और महक तृतीय स्थान पर रहीं।
ओपन बालक वर्ग में आयुष ने प्रथम, आदित्य नेगी ने द्वितीय और निशांत नेगी ने तृतीय स्थान हासिल किया। ओपन बालिका वर्ग में अनुष्का बिष्ट प्रथम, काजल कुकरेती द्वितीय और आकृति बिष्ट तृतीय रहीं।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
