पौड़ी

पौड़ी जिले में सड़क-पुल निर्माण के लिए 6.76 करोड़ मंजूर

कल्जीखाल में मोटर मार्ग का सुधारीकरण, कोटद्वार के गब्बर सिंह कैंप में बनेगा 36 मीटर स्पान डबल लेन सेतु

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के पौड़ी और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 6.76 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया है।

पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कल्जीखाल में कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 17 के मध्य सुधारीकरण कार्य के लिए 3.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मार्ग के सुधारीकरण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वहीं, कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दुगड्डा के अंतर्गत गब्बर सिंह कैंप में 36 मीटर स्पान डबल लेन सेतु के निर्माण के लिए 3.31 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। सेतु निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

इन दोनों परियोजनाओं के स्वीकृत होने से पौड़ी और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में सड़क एवं पुल अवसंरचना को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *