पौड़ी

जनपद बादलों से घिरा मौसम, तीन मोटरमार्ग बंद

पौड़ी। जिले में शुक्रवार सुबह मौसम बादलों से घिरा रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में औसत 0.10 मिमी बारिश दर्ज की गई। लैंसडाउन तहसील में सर्वाधिक एक मिमी वर्षा हुई, जबकि अन्य तहसीलों में बारिश नहीं हुई। जिले का न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश के बीच जिले में तीन मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद रहे। लोक निर्माण विभाग के 12वें वृत्त पौड़ी के अंतर्गत पाबौ-संतुधार-नागौनखाल-दमदेवाली-चौबट्टाखाल-चोरीखाल मोटर मार्ग नौ अगस्त से बंद है, जिसे 17 अगस्त तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं पीएमजीएसवाई कोटद्वार के अंतर्गत मनझोखी मोटर मार्ग और कोटद्वार-बाली मोटर मार्ग भी शुक्रवार सुबह बंद रहे। इन दोनों मार्गों को शुक्रवार शाम तक खोलने का अनुमान है।

रिपोर्ट के अनुसार श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 533.28 मीटर रहा, जबकि चेतावनी स्तर 535 और खतरे का स्तर 536 मीटर निर्धारित है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 338.80 मीटर रहा। कोटद्वार में मालन नदी 490.50, खोह नदी 441 और सुखरो नदी 396 मीटर के स्तर पर रही। सभी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे दर्ज किया गया।

बिजली आपूर्ति पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और नैनीडांडा क्षेत्रों में सुचारु बताई गई है। वहीं पौड़ी-श्रीनगर तथा कोटद्वार क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था भी सामान्य है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार जिले में अन्य किसी घटना की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *