मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के चयन ट्रायल में 389 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पौड़ी। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत जिला खेल कार्यालय पौड़ी की ओर से रांसी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में 389 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 12 खेलों में आयोजित ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने चयन के लिए अपना दमखम दिखाया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित चयन ट्रायल के पहले दिन 12 अगस्त को विकासखंड, नगर पालिका एवं नगर निगम स्तर से चयनित 14 से 17 आयुवर्ग के 150 बालक और 101 बालिकाओं समेत कुल 251 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने 12 विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं, चयन ट्रायल के दूसरे दिन 13 अगस्त को 17 से 19 आयुवर्ग के 91 बालक और 47 बालिकाओं सहित कुल 138 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दो दिनों में कुल 389 खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में प्रतिभाग किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय चयन ट्रायल के सफल संचालन में शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जिला खेल कार्यालय की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
