मनकामेश्वर महादेव मंदिर में 10 अगस्त से तीन दिवसीय सामूहिक रुद्राभिषेक
देवप्रयाग संगम से गंगाजल लाकर किया जाएगा भोलेनाथ का अभिषेक, 12 अगस्त को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा समापन
द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम उत्तिण्डा स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार, 10 अगस्त से तीन दिवसीय सामूहिक रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।

आयोजन के तहत सोमवार सुबह ग्रामीण देवप्रयाग संगम पहुंचकर स्नान करेंगे और वहां से गंगाजल लेकर उत्तिण्डा स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। इस दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव सहित शिवपरिवार पूजन एवं रुद्राष्टाध्याई का पाठ चलता रहेगा।
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 12 अगस्त को समस्त ग्रामवासियों के द्वारा हवन किया जाएगा साथ ही यज्ञ की पूर्णाहुति होगी । इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा और यज्ञ का विधिवत समापन होगा।
ग्रामीणों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सामूहिक रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने और भगवान मनकामेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
