धारी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की जर्जर हालत पर उठे सवाल, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
यमकेश्वर। विकास खण्ड यमकेश्वर की ग्रामसभा धारी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की जर्जर हालत को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के यमकेश्वर विधानसभा अध्यक्ष राहुल रावत ने चिंता जताई है। विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे रावत ने भवन की स्थिति को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।

राहुल रावत के अनुसार विद्यालय के जिन कमरों में वर्तमान में कक्षाएं संचालित हो रही हैं, उनकी छतें बेहद खराब स्थिति में हैं। कई स्थानों पर दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जिस कमरे में बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है, वहां भी छत से सीमेंट के टुकड़े गिर रहे हैं। ऐसे में कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यह केवल विद्यालय भवन की बदहाली का मामला नहीं है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां एक ओर विद्यालयों के बंद होने की स्थिति सामने आ रही है, वहीं जिन विद्यालयों में बच्चे अध्ययनरत हैं, वहां भी मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षित भवनों का अभाव चिंता का विषय है।
रावत ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग और प्रशासन से ग्रामसभा धारी स्थित विद्यालय का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने विद्यालय भवन की मरम्मत, जीर्णोद्धार और आवश्यक सौंदर्यीकरण के लिए भी जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
