कोटद्वार में 16 अगस्त को रोजगार मेला, 500 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर
कोटद्वार। जिला प्रशासन एवं कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लैंसडाउन के संयुक्त तत्वावधान में 16 अगस्त 2026 को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, कोटद्वार में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में हरिद्वार, देहरादून और कोटद्वार क्षेत्र की करीब 10 से 15 प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। कंपनियों की ओर से लगभग 500 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई के फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और प्लंबर ट्रेड, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा, बीटेक/एमटेक मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल, बीबीए, एमबीए, स्नातक तथा बीएससी/एमएससी केमिस्ट्री सहित विभिन्न तकनीकी एवं शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा (सीवी) की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट आकार के दो फोटो, सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रतियां तथा सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण-पत्र लाना होगा।
रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी कार्यालय दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 9927477709, 9917250670 एवं 8171307685 पर प्राप्त की जा सकती है। सेवायोजन विभाग ने जिले के अधिक से अधिक पात्र युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
