पौड़ी

सीएससी केंद्रों पर छापा, अनियमितताओं पर नोटिस

एसडीएम कोटद्वार ने किया औचक निरीक्षण, एक केंद्र सील करने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जन सुविधा केंद्रों (सीएससी) की कार्यप्रणाली की जांच के लिए उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई केंद्रों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित न होना, प्रमाण पत्रों की पंजिका उपलब्ध न होना और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य न किए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान एक केंद्र पर लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर होने के बावजूद संचालन दूसरे व्यक्ति द्वारा किए जाने का मामला मिला। संबंधित संचालक को निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्रों पर आवेदकों के आधार कार्ड, पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज भी पाए गए। साथ ही निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें भी सामने आईं।

उपजिलाधिकारी ने सभी सीएससी संचालकों को रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, निर्धारित शुल्क ही लेने तथा अभिलेखों का नियमानुसार रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक केंद्र के लैपटॉप को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जबकि संबंधित केंद्र को सील करने के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया गया है।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि जन सुविधा केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *