पौड़ी

नीलकंठ कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

स्वच्छता, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी; महिला श्रद्धालुओं के लिए पिंक टॉयलेट व अमृत कक्ष की सुविधा

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पार्किंग, यातायात, पेयजल, विद्युत एवं चिकित्सा सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। तैनात जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।

50 सफाई कर्मी और चार कूड़ा वाहन तैनात

जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी संजय खण्डूरी ने बताया कि नीलकंठ क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था के लिए 05 जुलाई से 50 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। कूड़े के नियमित उठान एवं निस्तारण के लिए चार कूड़ा पिकअप वाहन लगाए गए हैं, जो प्रतिदिन अपशिष्ट को निस्तारण केंद्र तक पहुंचा रहे हैं।

श्रद्धालुओं के लिए जिला पंचायत की 60 वाहन क्षमता वाली पार्किंग निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। पार्किंग स्थल पर 10-सीटर शौचालय बनाया गया है, जिसमें महिलाओं और पुरुषों के लिए पांच-पांच सीटें हैं। निकासी द्वार पर भी अतिरिक्त शौचालय की व्यवस्था की गई है।

महिला श्रद्धालुओं के लिए पिंक टॉयलेट और अमृत कक्ष

महिला कांवड़ श्रद्धालुओं की सुविधा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर पिंक टॉयलेट स्थापित किए गए हैं। इनमें टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। वहीं धात्री माताओं और शिशुओं की सुविधा के लिए अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) की व्यवस्था भी की गई है।

पीपलकोटी से पार्किंग स्थल के मध्य महिलाओं और पुरुषों के लिए तीन-तीन सीटों वाले बायो-टॉयलेट भी स्थापित किए गए हैं।

22 कूड़ेदान, दिन में तीन बार कचरे का निस्तारण

मंदिर मार्ग पर अलग-अलग क्षमता के चार शौचालय स्थापित किए गए हैं। इनकी साफ-सफाई के लिए कार्मिकों की रोस्टरवार तैनाती की गई है। सूखे और गीले कचरे के पृथक संग्रहण के लिए यात्रा मार्ग पर 22 कूड़ेदान लगाए गए हैं, जिन्हें प्रतिदिन तीन बार खाली कर कचरा निस्तारण केंद्र भेजा जा रहा है।

बरसात के दौरान फिसलन की संभावना को देखते हुए मंदिर जाने वाले मार्गों पर नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला पंचायत के 10 कार्मिकों को नीलकंठ क्षेत्र में स्थायी रूप से तैनात किया गया है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि नीलकंठ कांवड़ यात्रा सुरक्षित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *