पौड़ी

कोटद्वार में नवंबर के अंतिम सप्ताह में लगेगा वृहद रोजगार मेला, युवाओं को मिलेंगे रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर

पौड़ी गढ़वाल। जनपद के युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कोटद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। मेले में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों और औद्योगिक प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए औद्योगिक इकाइयों और नियोजकों से समन्वय स्थापित कर रिक्त पदों का विवरण समय से तैयार किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों की जानकारी पहले से मिल सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली औद्योगिक इकाइयों और नियोजकों को रोजगार के क्षेत्र तथा आवश्यक कौशल के आधार पर श्रेणीबद्ध किया जाए। प्रत्येक पद के लिए शैक्षिक योग्यता, अनुभव, कौशल और कार्य की प्रकृति का स्पष्ट विवरण तैयार किया जाए। साथ ही रिक्तियों की विवरणिका तैयार करने और पंजीकृत अभ्यर्थियों का विवरण संकलित करने के निर्देश दिए, जिससे भर्ती प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

शैक्षणिक संस्थानों में होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए आईटीआई, पॉलीटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, डिग्री कॉलेजों और इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, सेवायोजन कार्यालयों और विकासखंड स्तर पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। युवाओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल, दूरभाष और अन्य माध्यमों का उपयोग भी किया जाएगा।

पीजी कॉलेज कोटद्वार में प्रस्तावित आयोजन

जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में प्रस्तावित है। आयोजन की अंतिम तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी को संबंधित उपजिलाधिकारी के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। पंजीकरण, प्रवेश, साक्षात्कार और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने पर भी जोर दिया गया।

करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार की जानकारी भी मिलेगी

रोजगार मेले में औद्योगिक इकाइयों की सहभागिता के साथ युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग और साक्षात्कार की तैयारी संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार एवं वित्तीय सहायता योजनाओं और पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित जानकारी देने के लिए अलग-अलग हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में औद्योगिक संघ के प्रतिनिधियों ने रोजगार मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा औद्योगिक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत (सेवानिवृत्त), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग तथा औद्योगिक संघ और सिडकुल के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *