महिला आजीविका योजनाओं के सात प्रस्तावों की समीक्षा, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
पौड़ी। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री महिला समेकित सतत् आजीविका योजना एवं उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत प्राप्त प्रस्तावों की पात्रता और निर्धारित मानकों के अनुरूप समीक्षा की गई।

बैठक में उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना के पांच तथा मुख्यमंत्री महिला समेकित सतत् आजीविका योजना के दो, कुल सात प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे गए। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रस्तावकों से प्रस्तावित गतिविधियों, वित्तीय आवश्यकताओं और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रस्तावों को अधिक व्यवहारिक एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
समिति ने सभी प्रस्तावों का शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षण किया। पात्र पाए गए प्रस्तावों को अग्रिम कार्रवाई एवं स्वीकृति के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशालय को भेजने का निर्णय लिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि राज्य सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र प्रस्तावों की औपचारिकताएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, राजकीय पॉलिटेक्निक पौड़ी के प्रधानाचार्य अभिनव थपलियाल, जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक बिजेंद्र सिंह सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
