पौड़ी

पौड़ी में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, हिमालयन कार रैली और नाइट सफारी का होगा आयोजन

4 और 5 दिसंबर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी कार रैली, खोलाचौरी-अदवाणी में 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में शुरू होगी नाइट सफारी

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल को पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने हिमालयन कार रैली-2026 और नाइट सफारी शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। हिमालयन कार रैली आगामी 4 और 5 दिसंबर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी, जबकि खोलाचौरी से अदवाणी तक 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में नाइट सफारी संचालित करने की योजना है। इन पहलों से जनपद के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हिमालयन कार रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में 2 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाली यह रैली उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से प्रदेश के पर्वतीय मार्गों, प्राकृतिक दृश्यों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

रैली 3 दिसंबर को रामनगर से शुरू होगी, जहां वाहनों की जांच और प्रतिभागियों की ब्रीफिंग की जाएगी। 4 दिसंबर को रैली मोहान-मर्चुला होते हुए पौड़ी जनपद में प्रवेश करेगी। इसके बाद क्यार्की-मल्ली से नैनीडांडा तथा सेमरी-तल्ली सहित नैनीडांडा, लैंसडाउन, दुगड्डा और यमकेश्वर क्षेत्र के निर्धारित मार्गों से गुजरेगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने रैली के प्रस्तावित मार्गों की सड़क स्थिति, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मार्गों की प्रारंभिक रेकी की जा चुकी है। आगामी 21 और 22 नवंबर को प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की संयुक्त टीम अंतिम रेकी करेगी। इस दौरान मार्गों की स्थिति और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को यातायात और सुरक्षा की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सा टीमों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था करने के साथ आपात स्थिति में हेली एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसडीआरएफ एवं आपदा प्रबंधन विभाग को राहत और बचाव संसाधन तैयार रखने तथा संचार विभाग को रैली मार्गों पर निर्बाध संचार व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

खोलाचौरी-अदवाणी में शुरू होगी नाइट सफारी

जनपद में पर्यटन के नए अनुभव विकसित करने के उद्देश्य से खोलाचौरी से अदवाणी तक नाइट सफारी शुरू करने की योजना भी तैयार की जा रही है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इस संबंध में हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई। शुरुआती चरण में इसे 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में संचालित किया जाएगा। परियोजना सफल रहने पर इसे व्यावसायिक रूप से शुरू करने की योजना है।

नाइट सफारी का संचालन उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा किया जाएगा। इसके तहत संबंधित लोगों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे पर्यटकों को पौड़ी शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के साथ बेहतर पर्यटन अनुभव उपलब्ध करा सकें। इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

बैठक में एएसपी संचार अनूप काला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, पीएमजीएसवाई के अभियंता अरुण बहुगुणा, डीडीएमओ दीपेश काला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *