पौड़ी

सड़क सुरक्षा को लेकर अपर जिलाधिकारी के कड़े निर्देश, जागरूकता और प्रवर्तन पर जोर

जनवरी से जून तक 23,362 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, 3,906 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

पौड़ी। जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रवर्तन का विषय नहीं, बल्कि जनजागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

अपर जिलाधिकारी ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को ड्रंक एंड ड्राइव, ओवर स्पीडिंग, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित करने को कहा।

बैठक में ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य, सड़क संकेतकों की उपलब्धता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए संयुक्त अभियान लगातार चलाने को कहा।

पर्यावरण संरक्षण को सड़क सुरक्षा अभियानों से जोड़ते हुए उन्होंने जनपद के सभी हॉटमिक्स प्लांट स्वामियों से प्रति प्लांट न्यूनतम 1,000 पौधे रोपित कराने और उनके संरक्षण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 तक मोटर वाहन अधिनियम के तहत 23,362 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इनमें 3,906 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। इसी अवधि में जनपद में 27 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 16 लोगों की मृत्यु और 44 लोग घायल हुए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर प्रभावी निवारक उपाय अपनाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, एआरटीओ मंगल सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *