पौड़ी

जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के संचालन को लेकर प्रबंधन समिति की बैठक

पौड़ी। जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) के संचालन को लेकर जिला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं से प्राप्त अभिरुचि प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श और परीक्षण किया गया।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने डीडीआरसी की कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को पुनर्वास, परामर्श, सहायक उपकरण, चिकित्सकीय सेवाएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इस दौरान विभिन्न संस्थाओं ने डीडीआरसी के संचालन की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने उपलब्ध मानव संसाधन, तकनीकी क्षमता, आवश्यक उपकरण, संचालित कार्यक्रमों और प्रस्तावित सेवाओं की जानकारी समिति के समक्ष रखी। साथ ही अर्जुन पोर्टल के माध्यम से दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं लाभों के संबंध में भी प्रस्तुति दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्राप्त सभी प्रस्तावों का दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016, सोसायटी पंजीकरण अधिनियम-1860 तथा दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण समेत निर्धारित मानकों के आधार पर परीक्षण किया। समिति ने प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई किए जाने पर सहमति जताई।

बैठक में जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, डॉ. अमित मेहरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *