जिला अस्पताल पौड़ी में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 424 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
पौड़ी। स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिला चिकित्सालय पौड़ी में शुक्रवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन 424 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस तरह के शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), फिजिशियन एवं महिला रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया। इसके अलावा निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग, एनसीडी स्क्रीनिंग तथा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
पहले दिन 45 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 15 मरीजों की टीबी जांच, 104 मरीजों की प्रयोगशाला जांच, 55 मरीजों के एक्स-रे और 56 नेत्र रोगियों की जांच की गई। वहीं, तीन गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा पांच पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए गए।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल.डी. सेमवाल, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. मयंक चौहान, डॉ. रूपा, डॉ. गौरव शर्मा, एएनएम नीलम नेगी, नीति डोभाल, विवेक घिल्डियाल, रजनी जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
