पौड़ी

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान तेज, 75 पव्वे बरामद

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। कोटद्वार के आमपड़ाव क्षेत्र में शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में विभागीय टीम ने एक संदिग्ध के घर से 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी तपन कुमार पाण्डेय ने बताया कि आमपड़ाव क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2, कोटद्वार को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। शिकायतकर्ता से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन अवैध शराब बेचने वालों के संबंध में ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद विभागीय स्तर पर सूचना संकलित कर संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर छापेमारी की गई। 19 जुलाई को की गई कार्रवाई के दौरान एक घर से 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को भी आमपड़ाव क्षेत्र में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर सघन तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। जुलाई माह में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जनपदभर में 114 प्रवर्तन कार्रवाइयां की गईं। इस दौरान 16 आबकारी अधिनियम के मुकदमे दर्ज किए गए तथा 227.77 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

आबकारी विभाग द्वारा खोलाचौरी, फिरोजपुर, सिम्बलचौड़, लालपुर, गवाणी, सतपुली मोटरमार्ग, कौड़िया चेकपोस्ट, आमपड़ाव, मेकड़ा, मझोला, चौखाल, मुसेटी, आगरखाल (खेडूड़ी), दूतिया और नौडखाल समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चेकिंग एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा। विभागीय टीमों को लगातार चेकिंग और छापेमारी करते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *