मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के ट्रायल में 255 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
तीसरे दिन पौड़ी समेत आठ क्षेत्रों के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बाल खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रहा। चयन ट्रायल में नन्हे खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चयन के लिए अपना दमखम दिखाया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गुरुवार को आयोजित चयन ट्रायल में नगर पालिका परिषद पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, पाबौ, खिर्सू, एकेश्वर, पोखड़ा तथा नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग के कुल 255 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया।
चयन ट्रायल के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षकों, ब्लॉक समन्वयकों तथा खेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। योजना के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
