एसआईआर-2026: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एईआरओ, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया व्यवहारिक प्रशिक्षण
हर नोटिस, दस्तावेज और आख्या होगी प्रमाणिक व समयबद्ध : संयुक्त मजिस्ट्रेट
पौड़ी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में पौड़ी तहसील के अंतर्गत कार्यरत सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में ईआरओ एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नोटिस तामीली, दस्तावेज सत्यापन, बीएलओ ऐप पर ऑनलाइन अभिलेख अपलोड करने, सुनवाई तथा प्रकरणों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। इसमें एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग की समय-सीमा और दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक कार्रवाई पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए।
उन्होंने बताया कि सुनवाई की निर्धारित तिथि से कम से कम सात दिन पूर्व संबंधित मतदाता को नोटिस तामील कराना अनिवार्य है। नोटिस तामीली की फोटो बीएलओ ऐप पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे तथा अभिलेखों एवं उपस्थिति संबंधी विवरण को निर्धारित समय में ऐप पर अपलोड करेंगे।
बीएलओ आख्या तथ्यपरक और साक्ष्य आधारित हो
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की बीएलओ आख्या स्पष्ट, तथ्यपरक और साक्ष्यों पर आधारित हो। सामान्य या औपचारिक टिप्पणी से बचते हुए प्रत्येक मामले के अनुरूप स्पष्ट मंतव्य दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ आख्या केवल एक बार अपलोड की जा सकती है, इसलिए तीन सदस्यीय समिति के हस्ताक्षर एवं अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करने के बाद ही उसे डिजिटाइज कर अपलोड किया जाए।
उन्होंने प्रत्येक नोटिस से संबंधित दस्तावेजों और बीएलओ आख्या का अलग-अलग संकलन करने के निर्देश दिए, ताकि सुनवाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता पड़ने पर फिजिकल सुनवाई भी कराई जाएगी तथा एआरओ द्वारा सभी प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची में पाई जाने वाली विभिन्न विसंगतियों, अलग-अलग आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों, बीएलओ आख्या तैयार करने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पौड़ी दृष्टि आनंद, कोट अमित बिजल्वाण, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, तहसीलदार राजेंद्र गिरी गोस्वामी, राजपाल लिंगवाल, सुबोध भट्ट, शैलेंद्र रावत, दिनेश नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
