पौड़ी

मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता को लेकर 31 जुलाई को पौड़ी में विधिक साक्षरता शिविर

पौड़ी। विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के उपलक्ष्य में मानव तस्करी के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल की ओर से 31 जुलाई को विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर दोपहर 1:30 बजे अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सभागार, लक्ष्मीनारायण मंदिर के निकट, पौड़ी में आयोजित होगा।

शिविर में विशेषज्ञों द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम, तस्करी की पहचान, पीड़ितों के अधिकार, कानूनी संरक्षण और निःशुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही मानव तस्करी की रोकथाम में समाज एवं नागरिकों की भूमिका पर भी चर्चा की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य आमजन को मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं और सवालों का भी विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *