डिजिटल युवा महोत्सव-2026 में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का मंच
फिटनेस और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी ऑनलाइन, जिला स्तर पर विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में डिजिटल युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी फिटनेस, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहर का व्यापक प्रचार-प्रसार करना और युवाओं को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव का संचालन ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण से लेकर वीडियो, रील और फोटो अपलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव चार सप्ताह तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले सप्ताह में सूर्य नमस्कार चैलेंज और ‘मेरा जनपद-मेरी पहचान’, दूसरे सप्ताह में पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज तथा ‘माई उत्तराखण्ड, माई प्राइड’, तीसरे सप्ताह में स्किपिंग/प्लैंक चैलेंज एवं युवा फोटोग्राफी चैलेंज और अंतिम सप्ताह में फिटनेस फिनाले तथा ‘वन मिनट-वन स्किल’ प्रतियोगिता आयोजित होगी।
प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि में अपनी मौलिक वीडियो, रील अथवा फोटो ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ पर अपलोड करनी होगी। संपादित, विशेष प्रभावयुक्त अथवा पूर्व में प्रकाशित सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹5,000, द्वितीय को ₹3,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹2,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलेगा।
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय किया जा रहा है। जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी ने जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा मंगल दलों, महिला मंगल दलों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ पर पंजीकरण कर डिजिटल युवा महोत्सव-2026 में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।
