पौड़ी

कोटद्वार में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर कार्रवाई, दो सिलेंडर जब्त

संयुक्त टीम की छापेमारी में दो प्रतिष्ठानों पर ₹4,600 का जुर्माना, अवैध रीफिलिंग नहीं मिली

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में कोटद्वार क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग एवं रीफिलिंग की शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को संयुक्त टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध गैस रीफिलिंग का कोई मामला सामने नहीं आया, जबकि दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर दोनों सिलेंडर जब्त कर संचालकों पर कुल ₹4,600 का अर्थदंड लगाया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, बाट-माप विभाग तथा गैस एजेंसी के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने झंडाचौक और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इस पर दोनों सिलेंडर जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं अन्य सभी प्रतिष्ठानों की जांच में अवैध गैस रीफिलिंग की पुष्टि नहीं हुई।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं अवैध रीफिलिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।

छापेमारी दल में खाद्य आपूर्ति विभाग के एआरओ करन क्षेत्री, पूर्ति निरीक्षक संजना बिष्ट, विजय कैन्तुरा, मुकेश कुमार, बाट-माप निरीक्षक प्रदीप रावत एवं उमेश कुमार, सब इंस्पेक्टर जयपाल सिंह और ईश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *