पौड़ी

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना: जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू

रांसी स्टेडियम में पहले दिन 278 बालक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने लिया भाग

पौड़ी। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत जनपद स्तरीय चयन ट्रायल मंगलवार को रांसी स्टेडियम में शुरू हुआ। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशानुसार आयोजित इस ट्रायल के पहले दिन विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से आए 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चयन ट्रायल में कोटद्वार नगर निगम, दुगड्डा, द्वारीखाल, यमकेश्वर, नैनीडांडा, रिखणीखाल, बीरोंखाल, जयहरीखाल तथा थलीसैंण क्षेत्र के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रथम दिवस में बालक वर्ग के कुल 278 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल दक्षता परीक्षणों में भाग लिया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य जनपद की प्रतिभाशाली खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

चयन ट्रायल के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में शारीरिक शिक्षकों, ब्लॉक समन्वयकों तथा जिला खेल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जनपद में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *