पौड़ी

कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करें: डीएम स्वाति भदौरिया

पौड़ी। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़ी सभी शेष व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को प्रभावी निगरानी और बेहतर प्रबंधन के लिए 7 जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा व्यवस्थाओं की प्रतिदिन समीक्षा कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर स्थायी पिंक टॉयलेट विकसित करने, महिलाओं के लिए फीडिंग रूम एवं सैनिटरी वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था अभी अधूरी है, वहां तत्काल जलापूर्ति सुनिश्चित करने और सभी शौचालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने को कहा। साथ ही पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान और कूड़ा वाहनों की व्यवस्था कर पूरे यात्रा मार्ग पर नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा में बताया गया कि यात्रा क्षेत्र में विद्युत और सोलर लाइटों सहित लगभग 450 लाइटें कार्यशील हैं तथा शेष लाइटें लगाने का कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने सभी लाइटों का परीक्षण कराने, जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त हाईमास्ट एवं सोलर लाइटें लगाने तथा विद्युत तंत्र का सेफ्टी ऑडिट समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

यात्रा मार्गों और पार्किंग स्थलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पैदल मार्गों की मरम्मत और बजरीकरण, प्राकृतिक पेयजल स्रोतों एवं पार्किंग स्थलों पर साइनेज लगाने, जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड स्थापित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी पार्किंग एवं सेवा स्थलों पर निर्धारित शुल्क सूची प्रदर्शित करने, भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस के साथ समन्वय कर बैरिकेडिंग करने तथा यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना सभी संबंधित विभागों के साथ साझा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, वन विभाग, जिला पंचायत, उरेडा, नगर पंचायत सहित सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने और नियमित निगरानी एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी, एसडीएम चतर सिंह चौहान सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *