पौड़ी

कांवड़ यात्रा में खाद्य गुणवत्ता से समझौता नहीं, विद्युत परिसंपत्तियों का हो सेफ्टी ऑडिट: आयुक्त आनंद स्वरूप

पौड़ी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही पूरे मंडल में ट्रांसफार्मरों, विद्युत पोलों और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कर आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।

गुरुवार को आयुक्त सभागार, पौड़ी में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, वन विभाग, यूपीसीएल और क्षेत्रीय पुरातत्व विभाग की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और रेट लिस्ट का प्रदर्शन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए। श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन, पेयजल अथवा दवाइयां वितरित करने वाली संस्थाओं की भी गुणवत्ता जांच की जाए। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य उत्पादक एवं पैकेजिंग इकाइयों की नियमित सैंपलिंग करने और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

औषधि नियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के 38 तथा एनडीपीएस एक्ट के 47 लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। साथ ही दवा निर्माण इकाइयों, थोक दवा विक्रेताओं और औषधि आपूर्ति श्रृंखला की नियमित निगरानी रखते हुए गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।

यूपीसीएल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए आयुक्त ने पूरे गढ़वाल मंडल में ट्रांसफार्मरों, बिजली के पोलों तथा झूलती और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों का सेफ्टी ऑडिट कराने तथा चिन्हित कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी विभाग पूरे वर्ष नियमित रूप से बिजली बिलों का भुगतान करें और मार्च माह में एकमुश्त भुगतान की परंपरा समाप्त की जाए। इसके अलावा वन विभाग को वर्षाकाल में वनीकरण कार्यों में तेजी लाने तथा पुरातत्व विभाग को संरक्षित धार्मिक स्थलों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य वन संरक्षक आकाश वर्मा, अपर निदेशक अर्थ एवं संख्या गीतांजलि शर्मा, डिप्टी कमिश्नर खाद्य सुरक्षा आर.एस. रावत, एडीसी एफडीए डॉ. सुधीर कुमार, यूपीसीएल के एमडी सिंह, प्रभारी संरक्षण इकाई पौड़ी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, संरक्षण सहायक अनिल नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *