जयहरीखाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत कन्या जन्मोत्सव आयोजित
पौड़ी। बाल विकास परियोजना जयहरीखाल की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र जयहरीखाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई उत्सव एवं सामुदायिक आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और अभिभावकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा बेटियों के सम्मान और संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में पर्यवेक्षिका विनीता सजवाण ने बताया कि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर कन्या शिशु के जन्म पर परिवारों को बेबी किट भेंट कर बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और लिंग समानता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
ब्लॉक समन्वयक प्रमोद सुंदरियाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री अर्चना रावत, आंगनबाड़ी सहायिका रेखा देवी, अनुसेविका ममता रावत सहित क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
