मंडलीय समीक्षा बैठक में आयुक्त सख्त, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
पौड़ी। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने मंडलीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण तथा सभी योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन योजनाओं में डुप्लीकेसी समाप्त करने, आधार सीडिंग में तेजी लाने, टीबी नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा, परित्यक्ता और किसान पेंशन योजनाओं का आकलन किया। उन्होंने किसान पेंशन लाभार्थियों का अन्य पेंशन योजनाओं से मिलान कर डुप्लीकेसी खत्म करने के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाने तथा आधार सीडिंग के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे, इसके लिए सभी मुख्य विकास अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। पात्र लाभार्थियों की पहचान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेने को भी कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत मासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित निगरानी करने और टीबी प्रभावित हाई-रिस्क गांवों में शत-प्रतिशत एक्स-रे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सभी विद्यालय भवनों और शौचालयों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं उपयोग योग्य बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने आवश्यक मरम्मत और संसाधनों के लिए तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में निर्माणाधीन राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को अगली समीक्षा बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी-भरदार स्थित विद्यालय का तृतीय पक्ष निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता का स्वतंत्र आकलन कराने को भी कहा।
सहकारिता विभाग की समीक्षा में पैक्स को जन सुविधा केंद्र संचालन के लिए प्रशिक्षण देने हेतु जनपदवार रोस्टर तैयार करने और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. आर.सी. पंत, अपर निदेशक अर्थ एवं संख्या गीतांजलि शर्मा, अपर निदेशक शिक्षा पी.के. बिष्ट, अपर निदेशक तकनीकी शिक्षा देवेंद्र गिरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित मंडलीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
