आकांक्षी विकासखंड दुगड्डा की समीक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर
नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी ने अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश
पौड़ी। नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अमित शर्मा ने बुधवार को विकास भवन सभागार में आकांक्षी विकासखंड दुगड्डा कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक से पूर्व केंद्रीय प्रभारी ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के साथ आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के विभिन्न संकेतकों पर विस्तार से चर्चा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रदर्शन में सुधार पर विशेष जोर देते हुए गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच तथा गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) से संबंधित सेवाओं का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम में सुधार के लिए प्रभावी रणनीति तैयार कर परिणाम आधारित कार्य करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य केवल आंकड़ों में सुधार करना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
अमित शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्रों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाकर आकांक्षी विकासखंड के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
