कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हुआ तो आंदोलन होगा तेज: जे.पी. जोशी
जाखणीखाल तहसील में यूकेडी धरने के दौरान सरकार पर लगाए जनविरोधी नीतियों के आरोप
द्वारीखाल। जाखणीखाल तहसील परिसर में आयोजित उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के धरने के दौरान जिला संगठन मंत्री जे.पी. जोशी ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया गया तो यूकेडी व्यापक आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा कि गरुड़चट्टी में गंगा तट के समीप संचालित शराब के ठेके का यूकेडी शुरू से विरोध करती आ रही है। इस संबंध में शासन और प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं को बेवजह परेशान किया गया तो यमकेश्वर क्षेत्र की 25 न्याय पंचायतों और दो नगर पंचायतों में विधायक, सरकार और भाजपा के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया जाएगा।
जे.पी. जोशी ने कहा कि पहाड़ के गांव लगातार वीरान और बंजर होते जा रहे हैं। अस्पतालों की इमारतें तो बन गई हैं, लेकिन वहां डॉक्टर, नर्स, स्टाफ और दवाइयों का अभाव है। ऐसे में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं जनसमस्याओं को लेकर यूकेडी जाखणीखाल तहसील में धरना दे रही है। इससे पहले भी डॉ. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में यमकेश्वर तहसील में इसी प्रकार का धरना आयोजित किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहाड़ के लोगों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाया जा रहा है। उनके अनुसार पूर्वजों ने कठिन परिस्थितियों में पहाड़ काटकर खेत बनाए, जलस्रोतों का संरक्षण किया और सिंचाई के साधन विकसित किए, लेकिन आज स्थानीय लोगों को अपनी ही भूमि पर अधिकारों को लेकर चिंता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण लोगों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।
धरने में यूकेडी नेताओं ने क्षेत्र की सड़क, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल और अन्य मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए सरकार से जनहित में प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
