यमकेश्वर में जनसंपर्क अभियान के तहत खैण्डोड़ी, जसपुर, सौड़ और छतिण्डा पहुंचे डॉ. शक्तिशैल कपरवाण
द्वारीखाल। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने जनसंपर्क अभियान के तहत यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के खैण्डोड़ी, जसपुर, सौड़ और छतिण्डा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और जनसंवाद के माध्यम से उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. कपरवाण ने कहा कि यमकेश्वर विधानसभा के अनेक गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। लगातार पलायन बढ़ रहा है और जंगली जानवरों के आतंक के कारण किसान खेती-बाड़ी छोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, मुख्य सड़कें और संपर्क मार्ग जर्जर स्थिति में हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने वन्यजीवों के हमलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गुलदार द्वारा गाय, बकरी, घोड़ा, खच्चर सहित अन्य पालतू पशुओं को मार दिए जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद मुआवजा प्राप्त करने की प्रक्रिया अत्यंत जटिल है। ग्रामीण वन विभाग के चक्कर लगाते-लगाते थक जाते हैं, लेकिन कई मामलों में वर्षों तक मुआवजा नहीं मिल पाता। उन्होंने सरकार से मुआवजा प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की।
डॉ. कपरवाण ने कहा कि क्षेत्र की इन जनसमस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 22 जुलाई को जाखणीखाल तहसील कार्यालय में उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने के उपरांत उपजिलाधिकारी/तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में धरने में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि ग्रामीण अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं भी साथ लेकर आएं, ताकि संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनके निराकरण का प्रयास किया जा सके।
