पौड़ी

लैंसडॉन तहसील दिवस में 27 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण

पौड़ी। लैंसडाउन तहसील सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 27 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज की गईं। इनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), वन विभाग, जल निगम एवं जल संस्थान से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी ढंग से हो, जिससे लोगों को जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने अधिकारियों से जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निस्तारण करने तथा तहसील दिवस में प्राप्त सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को विकास एवं निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणबीर सिंह सजवाण, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र नेगी, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, नायब नाजिर मनोज नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *