पौड़ी

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी : उप जिला निर्वाचन अधिकारी

पौड़ी। जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान ने सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) की महत्वपूर्ण भूमिका है।

सोमवार को आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के जनपद स्तरीय पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं तथा पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने और त्रुटियों के संशोधन की प्रक्रिया जारी है।

बैठक में बताया गया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की जा रही निर्वाचक नामावली का प्रारूप 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया जा चुका है। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

इस दौरान बीएलए-1 को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन की कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह, नोडल अधिकारी (राजनीतिक दल) मास्टर आदर्श, सहायक नोडल अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए-1 तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *