पौड़ी

पौड़ी में मौसम साफ, फिर भी 26 सड़कें बंद; प्रशासन ने जारी की मॉर्निंग रिपोर्ट

अलकनंदा समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे, जिले में वर्षा शून्य दर्ज

पौड़ी। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, पौड़ी गढ़वाल द्वारा सोमवार सुबह 8:00 बजे जारी मॉर्निंग रिपोर्ट के अनुसार जनपद में मौसम बादलों से घिरा रहा, जबकि सभी तहसीलों में वर्षा शून्य (NIL) दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 532.80 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर (535.00 मीटर) और खतरे के स्तर (536.00 मीटर) से नीचे है। इसी प्रकार ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट, कोटद्वार की मलन, खोह एवं सुखरौ नदियों का जलस्तर भी सामान्य स्थिति में बना हुआ है। जिले में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

हालांकि, जनपद में कुल 26 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें 1 राज्य राजमार्ग (SH), 2 अन्य जिला मार्ग (ODR) और 23 ग्रामीण सड़कें (VR) शामिल हैं। प्रमुख बंद मार्गों में शहीद संदीप सिंह रावत राज्य राजमार्ग (घट्टूगाड़–सिलोगी–गुमखाल–लैंसडाउन–डेरियाखाल–रिखणीखाल–बीरोखाल मार्ग), बेड़ीखाल-भरोलीखाल-अरोली मार्ग, पोखरीखेत-चोरकांडी-माजखोली-नैला-भवई मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार सोमवार सुबह तक जनपद में किसी अन्य आपदा या अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *