सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा दल को विधायक राजकुमार पोरी ने किया रवाना
42 श्रद्धालु और 20 सदस्यीय सांस्कृतिक दल गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए हुए रवाना, उत्तराखंड की लोक संस्कृति की देंगे प्रस्तुति
पौड़ी। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के अंतर्गत सोमवार सुबह पौड़ी से श्रद्धालुओं एवं सांस्कृतिक दल को गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया गया। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

यात्रा के नोडल अधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया कि यात्रा दल में जनपद के 42 श्रद्धालु शामिल हैं। इसके साथ ही गढ़ कला सांस्कृतिक संस्थान, पौड़ी के 20 सदस्यीय सांस्कृतिक दल के कलाकार भी यात्रा में शामिल हुए हैं। यह दल यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक संगीत एवं पारंपरिक विरासत की प्रस्तुति देगा।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने सभी यात्रियों से यात्रा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
इस यात्रा के माध्यम से धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को देशभर में नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
