यमकेश्वर में युवा सम्मेलन, राहुल रावत को प्रत्याशी बनाने की उठी मांग
यमकेश्वर। यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राहुल रावत के नेतृत्व में आयोजित युवा सम्मेलन में युवाओं के साथ-साथ मातृशक्ति, बुजुर्गों एवं क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सम्मेलन के दौरान लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को खुलकर उठाया और उनके समाधान की मांग की।

सम्मेलन में मौजूद कई लोगों ने कहा कि यमकेश्वर को ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए जो हर समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं की आवाज़ बने। उपस्थित लोगों में से कई ने अपनी राय रखते हुए राहुल रावत को यमकेश्वर विधानसभा से प्रत्याशी के रूप में देखने की इच्छा व्यक्त की तथा उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के प्रति अपना समर्थन भी जताया।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को उक्रांद नेता संजय सिलस्वाल ने गंभीरता से सुना। उन्होंने समस्याओं को विस्तार से नोट करते हुए संबंधित स्तर पर उन्हें मजबूती से उठाने और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय अधिकारों जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। वक्ताओं ने कहा कि इन विषयों पर व्यापक जनभागीदारी और जनसंवाद की आवश्यकता है।
वहीं, उत्तराखंड क्रांति दल वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी सक्रिय दिखाई दे रहा है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संगठन की नीतियों और विचारों को आम जनता तक पहुंचाने में जुटे हैं। पार्टी में टिकट के लिए कई दावेदार भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि उक्रांद संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में किस रणनीति के तहत आगे बढ़ता है और कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में किस प्रकार की भूमिका निभाते हैं।
