पौड़ी

कल्जीखाल जनसेवा शिविर में 113 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत रविवार को विकासखंड कल्जीखाल सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अशोक वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच मजबूत संवाद का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है तथा लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से 113 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। वहीं 45 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग ने 15 किसानों को पौधे, उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए। रीप/एनआरएलएम के माध्यम से 20 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहयोग दिया गया। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को अन्नप्राशन एवं महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 35 तथा आयुष विभाग ने 34 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित पांच आवेदनों का सत्यापन किया, जबकि राजस्व विभाग ने दो कृषकों को कृषक प्रमाण-पत्र जारी किए। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों से आवेदन भी प्राप्त किए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत, एडीओ पंचायत अरुण सिंह, एडीओ समाज कल्याण राहुल राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *