पौड़ी

जल संरक्षण और ग्रामीण संपर्क मार्ग निर्माण को मिली गति, मनरेगा श्रमिकों ने दिखाई मेहनत

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। ग्राम पंचायत उत्तिण्डा में बीवीजी राम जी (मनरेगा) योजना के अंतर्गत विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इन दिनों भैंसुड़ाखागल क्षेत्र में संपर्क मार्ग निर्माण तथा ग्राम उत्तिण्डा में जल संरक्षण के उद्देश्य से खाल-चाल (जल संचयन संरचनाओं) के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

 

निर्माण कार्य में जॉब कार्ड धारक श्रमिक पूरे उत्साह और लगन के साथ कार्य कर रहे हैं। श्रमिकों की मेहनत से तैयार की जा रही खाल-चाल में वर्षा का पानी एकत्र होने लगा है, जिससे भविष्य में भू-जल स्तर बढ़ाने, वर्षा जल संरक्षण और कृषि कार्यों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के जल संरक्षण कार्य न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि सूखे के समय जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं संपर्क मार्ग निर्माण से ग्रामीणों की आवाजाही भी पहले की अपेक्षा अधिक सुगम होगी।

स्थानीय लोगों ने ऐसे जनहितकारी कार्यों को लगातार जारी रखने की मांग करते हुए कहा कि इससे रोजगार के साथ-साथ गांव के आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *