पौड़ी में बादल छाए, 5.9 मिमी औसत वर्षा; 30 सड़कें बंद, प्रशासन अलर्ट मोड पर
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में रविवार सुबह मौसम बादलों से घिरा रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की सुबह 8:00 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में औसतन 5.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा पौड़ी और धुमाकोट तहसील में 13-13 मिमी, जबकि श्रीनगर में 12 मिमी रिकॉर्ड की गई।

रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 532.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 535.00 मीटर और खतरे का स्तर 536.00 मीटर है।
लगातार बारिश के चलते जिले में 30 सड़कें बंद हैं, जिनमें 2 राज्य राजमार्ग (SH), 4 प्रमुख जिला मार्ग (MDR), 1 अन्य जिला मार्ग (ODR) तथा 23 ग्रामीण सड़कें (VR) शामिल हैं। बंद सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की मशीनें और टीमें कार्यरत हैं।
इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में पेयजल योजनाएं भी मलबा आने और क्षति के कारण प्रभावित हुई हैं, जबकि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन की सलाह का पालन करने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
