पौड़ी

पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने पर प्रशासन का फोकस, डीएम ने खिर्सू के होमस्टे परखी व्यवस्थाएं

गुणवत्ता के आधार पर होगी होमस्टे की कैटेगरी, सभी पंजीकृत होमस्टे का होगा सत्यापन और ऑनलाइन डाटा अपडेट

पौड़ी। जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने और होमस्टे सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को खिर्सू स्थित माउंटेन पीक होमस्टे एवं रिवाज होमस्टे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और सभी पंजीकृत होमस्टे का भौतिक सत्यापन कर गुणवत्ता के आधार पर उनकी श्रेणी (कैटेगरी) तय करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने होमस्टे संचालकों से संचालन व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से वहां ठहरे पर्यटकों से भी बातचीत कर स्वच्छता, भोजन, पेयजल, आतिथ्य और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखंड में होमस्टे स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं। इसलिए प्रत्येक होमस्टे में स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने संचालकों को साइनेज बोर्ड लगाने तथा होमस्टे तक पहुंचने वाले मार्ग और पाथवे को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को जिले के सभी पंजीकृत होमस्टे का सत्यापन अभियान चलाने, उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत आकलन करने तथा गुणवत्ता के आधार पर उनकी कैटेगरी निर्धारित करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट सुविधाओं वाले होमस्टे को उच्च श्रेणी में अपग्रेड करने और मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले होमस्टे की श्रेणी का पुनर्निर्धारण करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत होमस्टे की ऑनलाइन मैपिंग, लोकेशन, संपर्क विवरण और उपलब्ध सुविधाओं का अद्यतन डाटा पर्यटन विभाग की वेबसाइट एवं एनआईसी पोर्टल पर प्रदर्शित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सही जानकारी मिलेगी और स्थानीय स्तर पर पर्यटन के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *