भगवानपुर में TET अनिवार्यता के विरोध और OPS बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों का धरना
भगवानपुर (हरिद्वार)। उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (उत्तरांचल) की ब्लॉक इकाई भगवानपुर के आह्वान पर सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता के विरोध एवं पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षकों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

धरने के बाद शिक्षकों ने ब्लॉक प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद कार्यरत शिक्षकों के सामने उत्पन्न स्थिति के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने तथा पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने की मांग उठाई।
जिला महामंत्री हेमेंद्र चौहान ने कहा कि TET की अनिवार्यता से लंबे समय से सेवाएं दे रहे हजारों शिक्षकों के सामने सेवा सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संवैधानिक और विधिक स्तर पर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली आवश्यक है।
धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष अनिल चमोली, ब्लॉक मंत्री सचिन नागर, संरक्षक अशोक चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश चौहान, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश सैनी, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष विनय कुमार, तौहीद अली, रविन्द्र कुमार, सुशील कुमार, दीक्षिता, संदीप सेमवाल, ओमप्रकाश डबराल, नारायण चौहान, रुकसाना, राजकुमार सैनी, धर्म सिंह, अरुण सैनी, प्रदीप कुमार, मनीष कुमार, सूर्यप्रकाश पैन्यूली, रीना उनियाल, जयकुमार, बृजमोहन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
