जयहरीखाल जनसेवा शिविर में 85 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड जयहरीखाल में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान करते हुए कुल 85 लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

शिविर में उद्यान विभाग ने 14 किसानों को सब्जियों के बीज वितरित किए, जबकि कृषि विभाग ने 16 किसानों को कृषि उपकरण उपलब्ध कराए। पशुपालन विभाग ने 12 पशुपालकों को पशुओं की दवाइयां वितरित कीं। ग्राम्य विकास विभाग ने 13 लोगों के वीबीजीआरएएमजी रोजगार संबंधी आवेदन भरवाए। स्वास्थ्य विभाग ने 17 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। वहीं पंचायतीराज विभाग ने 11 लोगों के परिवार रजिस्टर की नकल एवं आधार कार्ड से जुड़े कार्य किए तथा बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की।
खंड विकास अधिकारी रवि सैनी ने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में ब्लॉक प्रधान संगठन की अध्यक्ष प्रगति रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रांत खंतवाल, ग्राम प्रधान विनय खुगशाल, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मंजूपाल, चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ बौंठियाल, बाल विकास परियोजना अधिकारी महबूब खान, सहायक कृषि अधिकारी अमित गौड़, सहायक उद्यान अधिकारी प्रेमदास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
