पौड़ी

पौड़ी गढ़वाल: लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, जिले में 31 सड़कें बंद, कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) की सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में औसतन 18.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा यमकेश्वर और सतपुली में 30-30 मिमी, जबकि पौड़ी में 29 मिमी और श्रीनगर में 24 मिमी रिकॉर्ड की गई।

नदियों के जलस्तर पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 532.90 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर (535 मीटर) से नीचे है। वहीं कोटद्वार में मालन, खो और सुखरौ नदियों का जलस्तर भी फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।

बारिश के कारण जिले में कुल 31 सड़कें बंद हैं, जिनमें 20 ग्रामीण सड़कें, 7 राज्य राजमार्ग, 2 राष्ट्रीय राजमार्ग, 1 एमडीआर और 1 एलवीआर शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्ग खोलने का कार्य जारी है।

बिजली व्यवस्था की बात करें तो श्रीनगर और सतपुली क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य है, जबकि पौड़ी में 11 केवी फीडर फॉल्ट के कारण कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कोटद्वार के विकास नगर क्षेत्र के कुछ गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित है।

जल संस्थान एवं जल निगम की ओर से बताया गया है कि विभिन्न स्थानों पर पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

इस बीच शुक्रवार देर रात लगभग 11:30 बजे दुगड्डा क्षेत्र के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक को झपकी आने के कारण वाहन सड़क से नीचे चला गया। चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों की सहायता से वाहन चालक को सुरक्षित निकाला गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *