पखवाड़ा कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं की जानकारी, 15 प्रगतिशील किसान सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल। राज्य सरकार के “सेवा, समर्पण एवं सुशासन” अभियान के तहत विकासखंड कोट में सोमवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, शिकायतों और आवेदनों का मौके पर निस्तारण किया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, रीप परियोजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मत्स्य और आयुष विभाग सहित कई विभागों ने भाग लिया। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई की।
इस बार कार्यक्रम की विशेष थीम “नवीन पहल” रही। विकासखंड कोट के नवाचार करने वाले किसानों और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों ने अपने सफल अनुभव साझा किए, जिससे अन्य किसानों को नई तकनीकों और बेहतर खेती के लिए प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट और अभिनव कार्य करने वाले 15 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) कुलदीप बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, बीडीओ अमित बिजल्वाण, ग्राम प्रधान संगठन कोट के अध्यक्ष हिम्मत सिंह, मंडल अध्यक्ष रमेश रावत, महिला मोर्चा महामंत्री रीना रौथाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, किसान, स्वयं सहायता समूह एवं फेडरेशन के सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
