पौड़ी

हरेला महाभियान की तैयारियां तेज, सभी जिलों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। आगामी हरेला पर्व के अवसर पर होने वाले पौधरोपण महाभियान की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में हरेला अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने कहा कि अभियान के तहत गमलों में तैयार पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों और आसपास कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने उद्यान विभाग को विभागवार लक्ष्य के अनुसार पर्याप्त संख्या में फलदार और औषधीय पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में चारधाम यात्रा मार्ग और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाने पर जोर दिया गया। चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलों में रामबांस, नेपियर घास तथा अन्य भूस्खलन रोकने वाली प्रजातियों का रोपण किया जाएगा। स्लाइडिंग जोन में पौधरोपण से पहले बायो-इंजीनियरिंग विशेषज्ञों की सलाह लेने के भी निर्देश दिए गए।

टिहरी जिला प्रशासन ने बिना क्रैश बैरियर वाले सड़क मार्गों पर विशेष वृक्षारोपण की योजना बताई, जबकि उत्तरकाशी प्रशासन ने नेताला क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित इलाकों में रामबांस लगाने की जानकारी दी।

आयुक्त ने सभी विभागों को पौधरोपण स्थलों का चयन, जियो-टैगिंग, नियंत्रण कक्ष की स्थापना तथा पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल और प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *