जनता मिलन में डीएम सख्त, 21 शिकायतों पर दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 21 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं संतोषजनक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत के स्थलीय निरीक्षण से पहले संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता को सूचना दें, ताकि उसकी उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। आपदा संबंधी मामलों में दो दिनों के भीतर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में चंदोलाराईं के ग्रामीणों ने अनियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या उठाई, जिस पर जल संस्थान को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं रतकोटी निवासी दलवीर सिंह द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष में घायल पत्नी के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग पर वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
मांडाखाल और डांडापानी में जर्जर पेड़ों से खतरे की शिकायतों पर भी डीएम ने तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए बताया कि ग्राम क्वीराली में जलापूर्ति की समस्या का समाधान हो चुका है, खिर्सू में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया जा चुका है तथा चंदोलारांई में पंचायत भवन निर्माण का भुगतान कार्य पूर्ण होने और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने के बाद ही किया जाएगा। बयेला तल्ला के जर्जर विद्यालय भवन को ग्राम सभा को हस्तांतरित करने की अनुमति भी प्रदान कर दी गई है।
