उप प्रधान चुनाव के नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री शुरू, 15 जुलाई को होगा मतदान
द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उप प्रधान सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत विकासखंड द्वारीखाल में नाम निर्देशन पत्रों (नामांकन प्रपत्र) की बिक्री शुरू कर दी गई है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन (पंचायत) द्वारीखाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में हरिद्वार जनपद को छोड़कर प्रदेश के अन्य जनपदों में 15 जुलाई 2026 को उप प्रधान पद के लिए सामान्य निर्वाचन कराया जाएगा। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 8 जुलाई 2026 से नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री प्रारंभ कर दी जाएगी।
खंड विकास अधिकारी ने ब्लॉक समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि वे मतदान संपन्न होने तक प्रतिदिन निर्धारित प्रारूप पर नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री की सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के माध्यम से उप प्रधानों को सूचना देकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) पौड़ी गढ़वाल एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) को भी आदेश की प्रतिलिपि प्रेषित की गई है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से निर्वाचन प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
