ऋषिकेश

परमार्थ निकेतन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर विशेष यज्ञ, 14वें दलाई लामा को 91वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में अखंड भारत के प्रणेता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को समर्पित रहा।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि डॉ. मुखर्जी शिक्षा को चरित्र निर्माण और राष्ट्रीय चेतना का आधार मानते थे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय एकता के संदर्भ में डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वामी जी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का संकल्प भारत की अखंडता और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने उनके योगदान को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में विश्व को करुणा, शांति और अहिंसा का संदेश देने वाले 14वें दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर भी शुभकामनाएं अर्पित की गईं। स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं ऊर्जावान जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके करुणामय विचार विश्व में शांति, सद्भाव और मानवता की भावना को निरंतर मजबूत करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *