खेल प्रतिभाओं ने दिखाई दमदार दौड़, क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में 70 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
पौड़ी। सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े के तहत खेल विभाग पौड़ी और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कण्डोलिया से टेका मार्ग तक अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग की बालक-बालिका क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखण्ड राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में 70 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में कुलदीप बुटोला ने विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 तथा ओपन वर्ग के बालक, बालिका, पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों, खेल विभाग के अधिकारियों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की उपस्थिति रही।
