पौड़ी

महाविद्यालय की बदहाली पर भड़के मोहित डिमरी, डीएम को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी

रुद्रप्रयाग। युवा नेता एवं रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से मुलाकात कर राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से जवाड़ी में नया महाविद्यालय भवन बनने के बावजूद कॉलेज का संचालन आज भी दो परिसरों से किया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मोहित डिमरी ने कहा कि कॉलेज का मुख्य प्रशासनिक कार्यालय, पुस्तकालय और प्राचार्य कक्ष अब भी पुराने परिसर में संचालित हो रहे हैं, जबकि अधिकांश कक्षाएं नए परिसर में लगाई जा रही हैं। इससे छात्रों और शिक्षकों का समय बर्बाद होने के साथ सरकारी संसाधनों का भी दुरुपयोग हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास और विज्ञान प्रयोगशाला वर्षों से बंद पड़ी हैं। विज्ञान वर्ग के कई छात्र बिना प्रायोगिक कार्य के ही डिग्री प्राप्त कर चुके हैं। साथ ही, उच्च शिक्षा विभाग के विभिन्न स्किल कोर्स का लाभ भी विद्यार्थियों को नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन में नए परिसर तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। डिमरी ने सुझाव दिया कि मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) के सीएसआर फंड से छात्रों के लिए बस सेवा और अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की व्यवस्था कराई जाए।

उन्होंने जिलाधिकारी से महाविद्यालय का पूरा प्रशासनिक कार्य, पुस्तकालय, प्राचार्य कक्ष और सभी संकायों की कक्षाएं नए परिसर में स्थानांतरित करने तथा कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास और विज्ञान प्रयोगशालाओं को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

मोहित डिमरी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो छात्र-छात्राओं और स्थानीय जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *