पौड़ी

कारगिल विजय दिवस पर पौड़ी में शौर्य दिवस की तैयारियां तेज, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान

पौड़ी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को जनपद में शौर्य दिवस के रूप में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पौड़ी और कोटद्वार में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों स्थानों पर प्रभात फेरी, परेड, मार्चपास्ट, शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ मुख्य समारोह आयोजित होंगे। कारगिल सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में कारगिल विजय दिवस विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार कराने के निर्देश दिए। समारोह में विभिन्न विभागों और विद्यालयों की झांकियां तथा मार्चपास्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, नगर पालिका और नगर निगम को शहीद स्मारकों की साफ-सफाई, सजावट एवं पुष्प व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर चिकित्सक और एंबुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए गए। सैनिक कल्याण विभाग को गणमान्य नागरिकों एवं शहीदों के परिजनों को आमंत्रित करने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) अनूप काला, सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन एस.पी. सती, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *